त्रिदोष सिद्धांत

हमारे शरीर का निर्माण दोष, धातु और मल इन तीन तत्वों के मेल से हुआ है; अर्थात शरीर में जितने भी तत्व पाए जाते हैं, वे सब इन तीनों में ही अंतर्निहित है| इन में भी दोषों का स्थान सबसे अधिक महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह शरीर में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं |

त्रिदोष दो शब्दों के मेल से बना है – त्रि+दोष, अर्थात तीन मूल तत्व (वात, पित्त व कफ) इनको त्रि शब्द से कहा जा रहा है तथा दोष का अर्थ है- दुषणात दोषा:, धारणात धातव:, अर्थात वात, पित्त व कफ जब दूषित होते है तो रोग उत्पन्न कर देते हैं तथा जब वे समत्व अर्थात अपनी स्वाभाविक अवस्था में रहते हैं तो सप्त धातु व शरीर को धारण करते व संतुलित रखते हैं | अतः यहां दोष शब्द का सामान्य भाषा में प्रचलित ‘विकार’ अर्थ नहीं है, त्रिदोष का अर्थ- वात, पित्त, कफ की विकृति या विकार नहीं है, अपितु ऐसे यह तीन तत्व जो स्वास्थ्य के आधार स्तंभ हैं तथा अनुचित आहार विहार से दूषित हो कर रोग पैदा कर देते हैं त्रिदोष कहलाते हैं | इस प्रकार वात-पित्त-कफ इन 3 तथ्यों के लिए शरीर विज्ञान का चिकित्सा शास्त्र का यह पारिभाषिक शब्द है- त्रिदोष | जैसे सत्व, रज, तम इन तीन गुणों की साम्यावस्था को मूल प्रकृति कहा गया है, यहां प्रकृति का अर्थ स्वभाव नहीं है, अपितु समस्त रचना का मूल आधार है | वैसे ही आयुर्वेद में शरीर की मूल धारक शक्ति को व शरीर के त्रिगुणात्मक (वात, पित्त, कफ रूप) मूलाधार को ‘त्रिदोष’ शब्द से कहा गया है | इसके साथ दोष शब्द इसलिए जुड़ा है कि सीमा से अधिक बढ़ने या घटने पर यह स्वयं दूषित हो जाते हैं तथा धातुओं को दूषित कर देते हैं |


हमारे शरीर का निर्माण दोष, धातु और मल इन तीन तत्वों के मेल से हुआ है; अर्थात शरीर में जितने भी तत्व पाए जाते हैं, वे सब इन तीनों में ही अंतर्निहित है| इन में भी दोषों का स्थान सबसे अधिक महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह शरीर में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं |

यह दोष संख्या में तीन है- वात, पित्त, और कफ | अतः यह त्रिदोष कहलाते हैं | यह दोषी शरीर की उत्पत्ति, स्थिति और विनाश का कारण, अथवा शरीर के स्तंभ माने जाते हैं | वैसे तो शुक्र और शोणित के संयोग से शरीर का जन्म माना जाता है, परंतु इन तीनों दोषों के सहयोग के बिना शरीर की उत्पत्ति संभव नहीं है | इसके पश्चात शरीर को स्वास्थ्य को बनाए रखने और रोगों को समझने एवं उनकी चिकित्सा के लिए भी इन तीन दोषों को समझना बहुत आवश्यक है | इन तीनों दोषों के सम होने से ही शरीर का धारण या स्वस्थ रहना संभव है, इसलिए इन्हें सम अवस्था में धातु भी कहा जाता है; क्योंकि शरीर की सभी भौतिक, रसायनिक और वैज्ञानिक सभी क्रियाओं का नियमन भी यह दोष ही करते हैं | जब यह दोष अपनी साम्यावस्था में होते हैं तो शरीर को स्वस्थ बनाए रखते हैं, परंतु जब इनकी सम अवस्था में किसी प्रकार का विकार या असंतुलन आ जाता है तो स्वास्थ्य भी असंतुलित हो जाता है तथा कोई न कोई रोग जन्म ले लेता है | भाव यह है कि जब यह दोष सम अवस्था में होते हैं तो धातु और मल भी सम अवस्था में रहते हैं, परंतु इनके असंतुलित होने पर धातु और मल भी असंतुलित हो जाते हैं, जिससे रोग जन्म लेते हैं | क्योंकि यह वात पित्त और कफ स्वयं दूषित होकर ( अर्थात वृद्धि, प्रकोप, क्षय को प्राप्त होकर ) विकार रहित धातुओं और मलो को भी दूषित करते हैं और शरीर में रोग उत्पन्न कर देते हैं, अत: इन्हें दोष कहा जाता है |

इन दोषों के दूषित होने के दो कारण है-

१) इनके प्रमाण में अधिकता जिसे वृद्धि कहते हैं तथा
२) प्रमाण में कमी जिसे क्षय कहा जाता है |

वैसे रोग की उत्पत्ति का मुख्य कारण तो किसी दोष में वृद्धि होना ही है; क्योंकि जो दोष स्वयं ही क्षय (कमी) की अवस्था में होगा उसमें स्वयं रोग उत्पन्न करने का बल ही नहीं होगा | हाँ, किसी दोष की क्षीणता आने से उसके स्वाभाविक गुण कर्म भी क्षीण (न्यून) रूप से ही कार्य करेंगे अर्थात पूरी तरह से अपना कार्य नहीं कर पाएंगे | दूसरे, जब किसी एक दोष में कमी होगी तो उसे विरोधी गुणों में वृद्धि हो जाएगी, जिससे उस गुण वाले दोष में वृद्धि हो जाएगी | परिणामत: उससे संबंधित रोग उत्पन्न हो जाएंगे; क्योंकि जब किसी दोष में वृद्धि होती है, तो वह दोष अपने आश्रय स्थान से विपरीत मार्ग में जाकर वहां के धातु आदि को दूषित कर देता है, इससे रोग उत्पन्न हो जाता है | अतः स्पष्ट है कि अच्छे स्वास्थ्य के लिए तीनों दोषों का सम अवस्था में होना आवश्यक है, क्योंकि सभी अपना अपना कार्य सुचारु रुप से करके ही शरीर को धारण कर पाते हैं |

जिस प्रकार मन का भाव सारे शरीर में व्याप्त है, उसी प्रकार यह तीनों दोष भी सारे शरीर में व्याप्त हैं | मन तो बालों, नाखूनों और अन्य मल पदार्थों में नहीं पहुंच पाता, परंतु यह दोष इन मल पदार्थों में भी उपस्थित रहते हैं |

पित्त के स्वाभाविक गुण

तीनों दोषों में वात के पश्चात पित्त का स्थान आता है | इससे संबंधित विविध पक्षों का वर्णन इस प्रकार है-

पित्त उष्ण (गरम), कुछ स्निग्ध (चिकना) तीक्ष्ण पाचन और दाह (जलन) करने वाला, आशु (तीव्र गति वाला), द्रव (तरल), विस्रगन्धि (कच्चे मांस जैसी गंध वाला) होता है | निराम (आम से रहित-पक्व) दशा में पित्त-रस तिक्त स्वाद वाला तथा रंग में पीला होता है | जबकि साम (कच्ची-अपक्व) दशा में यह स्वाद में खट्टा (अम्ल) और रंग में नीला होता है |


पित्त के गुणों का शरीर और स्वाभाव पर प्रभाव

वात के समान शरीर में विद्यमान पित्त भी शरीर की बनावट और स्वाभाव के निर्माण में सहायक होता है | इसके विभिन्न में गुणों का भिन्न-भिन्न प्रभाव पड़ता है, जिस व्यक्ति में पित्त दोष अधिक मात्रा में पाया जाता है, वह पित्त प्रधान प्रकृति का माना जाता है | पित्त की उपयुक्त विशेषताओं के आधार पर उसका बल, जीवन की अवधि, आध्यात्मिक और भौतिक ज्ञान, धन एवं जीवन की अन्य प्रतिभाएं मध्यम प्रकार की होती है |


पित्त प्रकोप के कारण

चरपरे, खट्टे, नमकीन, गर्म, विदाही (जलन पैदा करने वाले) तथा बहुत तीखे (लाल मिर्च, आदि) पदार्थों एवं मादक द्रव्यों का अधिक मात्रा में सेवन करने से शरीर में पित्त दोष बढ़ जाता है | इसके अतिरिक्त सूखी सब्जियां और क्षार पदार्थों का प्रयोग, धूप और अग्नि का अधिक सेवन, अधिक मैथुन, अनियमित रूप से भोजन करना, (निश्चित समय पर भोजन ना करना, या बिना भूख के भोजन करना या भूख लगने पर भोजन नहीं करना), अपच (बदहजमी), क्रोध, भय और निराशा के विचार भी शरीर में पित्त दोष को प्रभावित कर देते हैं; कुछ विशेष पदार्थ, जैसे- तिल का तेल, कुलत्थ, सरसों, दही, छाछ, मस्तु, सौवीरक़, व्यसन, खट्टे फल, कटवर तथा गोह, मछली, भेड़ व बकरी का मांस खाने से भी पित्त में वृद्धि होती है | ग्रीष्म ऋतु में तथा क्रोध करने से भी पित्त की वृद्धि होती है |


पित्त प्रकोप के लक्षण

जब किसी व्यक्ति के शरीर में पित्त दोष का प्रकोप-अर्थात अधिकता हो जाती है, तो थकावट, बल और नींद में कमी, अधिक पसीना, शरीर में जलन व तापमान की अधिकता, त्वचा का रंग पहले की अपेक्षा गाढ़ा हो जाना, अंगों से दुर्गंध आना, चिपचिपाहट, मुंह, गला, आदि का पकना, क्रोध, मूर्छा तथा चक्कर आना आदि लक्षण दिखाई देते हैं | त्वचा, मल, मूत्र, नाखूनों और नेत्र का पीलापन, पित्त प्रकोप के विशेष लक्षण हैं | मुंह का कड़वा और खट्टा स्वाद एवं शीतल आहार-विहार की इच्छा भी पित्त की अधिकता का सूचक है |